छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

मोहला : हर गांव में चलेगा स्वच्छता का व्यापक अभियान…

By kadwaghut|07 Sep 2026, 1:35 PM
f X W

मोहला एवं मानपुर में विशेष स्वच्छता अभियान, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और ब्लैक स्पॉट की सफाई

Advertisement
Advertisement

मोहला । कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत उज्जवल पोरवाल के निर्देशन में जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों की नियमित समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।

     इसी क्रम में मोहला एवं मानपुर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न ग्रामों एवं प्रमुख स्थानों पर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कराया गया। कचरा फेंके जाने वाले ब्लैक स्पॉट को चिन्हांकित कर उनकी सफाई कराई गई तथा इन स्थानों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए निगरानी एवं जागरूकता की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। ग्राम स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत बाजार एवं प्रमुख स्थानों पर स्थित दुकानदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। दुकानदारों को खुले में कचरा नहीं फेंकने, कचरा नहीं जलाने तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए समझाइश दी गई। साथ ही स्वच्छता नियमों के उल्लंघन की स्थिति में दंड के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। नागरिकों एवं व्यापारियों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा कचरे का निर्धारित तरीके से निपटान करने की अपील की गई।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को घर से ही गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग रखने तथा निर्धारित स्वच्छताग्राही को ही कचरा देने के लिए जागरूक किया जाएगा। एकत्रित कचरे के उचित निपटान एवं प्रसंस्करण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सके।

स्वच्छता अभियान को केवल विभागीय गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छताग्राहियों, स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों, दुकानदारों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और कचरे का उचित प्रबंधन करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

स्वच्छता कार्यों की जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित समीक्षा के साथ मैदानी सत्यापन भी किया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता को हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी मानते हुए जिले के प्रत्येक गांव में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
अगली खबर लोड हो रही है...
READ ALSO  CG : जनता को GDP समझ नहीं आता, वो तो बस शक्कर-तेल-गैस के दाम कम चाहती है : जैन संवेदना ट्रस्ट ....

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins