छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

CG : बाइक के लेनदेन में हत्या, दुर्ग का मामला …

By kadwaghut|07 Aug 2026, 10:51 AM
f X W

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में बाइक के लेनदेन को लेकर हुई युवक की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद हुआ है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को ग्राम नारधा निवासी भीषम गायकवाड़ पर ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल भीषम को इलाज के लिए मुरमुंदा स्थित मां कर्मा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद जामुल थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Advertisement
Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गांव के ही अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी (53) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात से जुड़े अहम तथ्य बताए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त कर लिया गया। जांच में सामने आया कि हत्या की वजह बाइक के लेनदेन को लेकर चला आ रहा विवाद था। पुलिस के अनुसार, भीषम गायकवाड़ ने अरविंद चतुर्वेदी से एक बाइक ली थी। आरोपी लंबे समय से बाइक वापस मांग रहा था, लेकिन उसे बाइक नहीं मिली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों आमने-सामने आ गए। बहस के दौरान आरोपी ने गुस्से में अपने पास रखे धारदार हथियार से भीषम के पेट और पीठ पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल भीषम की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

READ ALSO  CG : खड़ी गाड़ी से 36 सिलेंडर पार, 2-2 हजार में बेचते थे; गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार …

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में घायल करने का केस दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद उसमें हत्या की धारा जोड़ दी गई। पूरी वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि बाइक के लेनदेन का विवाद ही इस हत्या की मुख्य वजह बना।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins