राजनांदगांव | सावन माह के प्रथम सोमवार को भगवान चंद्रमौलेश्वर महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। महाकाल सेना भक्त मण्डल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। महाकाल सेना के अनुसार पालकी यात्रा आज दोपहर 1 बजे नंदई हॉट बाजार से प्रारंभ होगी। यात्रा इंदिरा नगर चौक, बासपाई पारा, दुर्गा चौक, गांधी चौक, महाकाल चौक, आजाद चौक, गुड़ाखू लाइन एवं गोल बाजार से होते सत्यनारायण मंदिर से महालक्ष्मी मंदिर, हमाल पारा पहुंचेगी, जहां यात्रा का विश्राम होगा।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान महाकाल की आरती, पुष्पवर्षा एवं स्वागत किया जाएगा। भजन-कीर्तन, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भगवान शिव के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय वातावरण में सराबोर रहेगा। महाकाल पालकी यात्रा के प्रमुख पवन डागा ने बताया कि धार्मिक मर्यादा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी यात्रा में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है।
