छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG : पावर प्लांट में शराब बिक्री पर विवाद, TI घायल और सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़ …

By kadwaghut|05 Oct 2026, 10:11 AM
f X W

रायपुर: राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में रविवार को विवाद के बाद जमकर हंगामा और पथराव हुआ। शराब बिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान पथराव किया गया और रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ हुई। स्थिति संभालने पहुंचे खरोरा थाना प्रभारी को भी चोट आई है। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। प्लांट में शराब बेचने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शराब बिक्री का विरोध किए जाने के बाद मामला बढ़ गया। छत्तीसगढ़ और बिहार के मजदूरों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। दूसरी ओर गांव में शराब बिक्री का ग्रामीण भी विरोध कर रहे थे। इसी बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पथराव शुरू हो गया।

मामले को लेकर सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि रायखेड़ा स्थित पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हो रहा था। इसी विवाद के दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान मजदूरों की ओर से पथराव किया जा रहा था। पथराव में सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के कांच टूट गए। घटना की सूचना मिलने के बाद खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने तथा दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करने का प्रयास किया।

पथराव के दौरान खरोरा थाना प्रभारी को भी चोट लगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और प्लांट परिसर तथा आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। घटना के दौरान हुए पथराव और तोड़फोड़ के कारण प्लांट परिसर में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। सरपंच की गाड़ी को नुकसान पहुंचने के साथ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

READ ALSO  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नशामुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश

पुलिस की ओर से बलवा और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। घटना के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे और पथराव तथा तोड़फोड़ में किन लोगों की भूमिका रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। किसी तरह की दोबारा अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। घटनास्थल पर पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है और मामले की जांच जारी है।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins