कोरबा जिलाछत्तीसगढ़

CG : सतरेंगा में दर्दनाक हादसा, पिकनिक पर गए SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत …

By lokesh sharma|07 Jul 2026, 12:01 PM
f X W

कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में रविवार को पिकनिक मनाने गए 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सुभांशु ध्रुव की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना के लगभग 24 घंटे बाद सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम ने युवक का शव नदी से बरामद किया। जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी लोग नदी किनारे घूमने और समय बिताने के बाद नदी में बने एक टापू की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वापसी के समय सुभांशु का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए।

Advertisement
Advertisement

बताया गया कि पानी का बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे तेजी से डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भी तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक युवक पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही श्यांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार रात को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।

सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह लगभग 11:30 बजे सुभांशु ध्रुव का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई है। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है, जिसे मंगलवार को परिजनों को सौंपा जाएगा।

READ ALSO  राजनांदगांव : 4 जिलों के किसानों ने लिया 1531 करोड़ का कर्ज…

परिजनों के अनुसार, सुभांशु ध्रुव चार साल पहले अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी पर लगे थे। वह पिछले ढाई वर्षों से एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत थे। परिवार पहले ही एक बड़ी क्षति से उबर रहा था, और अब इस हादसे ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है। घटना के बाद सतरेंगा में मौजूद अन्य पर्यटकों में भी दहशत का माहौल देखा गया। कई लोगों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, झरनों और जलाशयों के गहरे हिस्सों में जाने से बचें। मामूली लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

अगली खबर लोड हो रही है...

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins