राजनांदगांव : अगले 48 घंटे ग्रीष्म लहर का ऑरेंज अलर्ट, तापमान 3 डिग्री बढ़ेगा…
राजनांदगांव , जिले में अगले 48 घंटे प्रचंड गर्मी पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 48 घंटे के लिए ग्रीष्म लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी का भी पूर्वानुमान जारी किया है। इससे गर्मी चरम पर पहुंच सकती है।
पहले ही दो दिनों से जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे से तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल रही हैं। इसमें और इजाफा होने की संभावना है। ग्रीष्म लहर के दौरान हवाएं और गर्म हो सकती हैं। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने खासकर सुबह 10 से शाम 4 बजे लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
जरूरत नहीं पड़ने पर धूप में नहीं निकलने की चेतावनी दी हैं। इस दौरान लू लगने का खतरा सबसे अधिक बना रहेगा। हालाकि मौसम विभाग ने 26 मई से मौसम में बदलाव के भी संकेत दिए हैं। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की स्थिति बन सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट भी संभावित है।
रात का तापमान 30 डिग्री, गर्म हवा चल रही गर्मी के हालात ऐसे हैं कि सुबह 9 बजे से ही गर्म हवाएं चल रही है। जो शरीर को झुलसा रही है। वहीं रात 10 बजे गर्म हवाओं की स्थिति बनी हुई है। न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे दिन के साथ रात में भी बेचैन करने वाली गर्मी पड़ रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए सड़क पर सन्नाटा पसर रहा है। कूलर-एससी से भी राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि यह हालात 25 मई तक बन रहेंगे। उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।



