सहरसा से मुरादपुर तक हो रहा संचालन, महिला कंडक्टर की तैनाती से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा
सहरसा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से सहरसा जिले में शुरू की गई पिंक बस सेवा को महिला यात्रियों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। महिलाओं का कहना है कि इस सेवा के शुरू होने से उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक हो गई है। महिला यात्रियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पिंक बस सेवा शुरू करने की मांग की है।

फिलहाल सहरसा जिले को एक पिंक बस उपलब्ध कराई गई है। यह बस सहरसा से रहुआ, बाड़ा और नवहट्टा होते हुए मुरादपुर तक संचालित की जा रही है। बस प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे सहरसा से रवाना होती है, जबकि शाम करीब 4 बजे नवहट्टा से सहरसा के लिए वापसी करती है।

बस में कुल 24 सीटों की व्यवस्था की गई है। महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कंडक्टर की तैनाती भी की गई है। इस बस में केवल महिलाओं को यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
कामकाजी महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत
सरकारी शिक्षिका भावना ने पिंक बस सेवा को महिलाओं के लिए सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए समय पर अपने कार्यस्थल पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण होता है। पिंक बस सेवा से महिलाएं सुरक्षित तरीके से निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।
उन्होंने इस सेवा की शुरुआत के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शिक्षिकाओं, छात्राओं और अन्य कामकाजी महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।
महिला कंडक्टर से बढ़ा सुरक्षा का एहसास
शिक्षिका अनीता ने बताया कि बस में महिला कंडक्टर होने से महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षा और सहजता का अनुभव हो रहा है। पिंक बस महिलाओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन का विकल्प बन रही है।
उन्होंने बताया कि पहले स्कूल आने-जाने के लिए उन्हें टेंपो और सामान्य यात्री बसों का सहारा लेना पड़ता था। भीड़भाड़ और पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण महिलाओं को प्रतिदिन कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
पिंक बस सेवा शुरू होने के बाद अब महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक माहौल में यात्रा करने की सुविधा मिल रही है।
अन्य मार्गों पर भी सेवा बढ़ाने की मांग
महिला यात्रियों ने राज्य सरकार और परिवहन निगम से पिंक बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जिले के अन्य प्रमुख ग्रामीण और शहरी मार्गों पर भी इस सेवा का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक संख्या में छात्राओं, शिक्षिकाओं, कामकाजी महिलाओं और अन्य महिला यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए शुरू हुई सेवा
बस की महिला कंडक्टर पूजा जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिंक बस सेवा शुरू की है। बस में केवल महिला यात्रियों को सफर करने की अनुमति है, जिससे महिलाएं बिना किसी डर, झिझक या असुविधा के यात्रा कर सकें।
उन्होंने कहा कि महिला यात्रियों की ओर से इस सेवा को अच्छा समर्थन मिल रहा है और आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
