राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत भानपुरी नदी के पास साईं मिथिला ढाबा के समीप शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग दुर्ग के रहने वाले हैं। परिवार के सदस्य डोंगरगढ़ गए हुए थे और वहां से वापस दुर्ग लौट रहे थे। इसी दौरान भानपुरी नदी के पास उनकी पिकअप खराब हो गई।

वाहन को सड़क के किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी बीच नागपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री ले जाया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

मृतक और घायलों की पहचान सहित दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।
मृतक का नाम वंश शर्मा दुर्ग बताया जा रहा है .
समाचार अपडेट किया जा रहा है…
