पाताल भैरवी मंदिर के पास हुआ हादसा; टैंकर जब्त, चालक से पूछताछ जारी
राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पाताल भैरवी मंदिर के पास रक्षित आरक्षी केंद्र के सामने शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षिका आभा सिंह स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान नगर निगम का पानी टैंकर तेज रफ्तार से वहां से गुजरा और उन्होंने स्कूटी सवार महिला को अपनी चपेट में ले लिया।मिली जानकारी के अनुसार आभा सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक और भीषण था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतका आभा सिंह पेशे से शिक्षिका थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, परिचितों और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि उनके दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को जब्त कर लिया गया है। वहीं चालक अजय सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
