टीआई को सौंपा ज्ञापन
छुरिया- कांग्रेसियों द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू पर गाली गलौच करने का आरोप भाजपा ने लगाया है । मण्डल भाजपा अध्यक्ष ने इस संबंध में छुरिया थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व विधायक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है । साथ ही उन्होंने थाना परिसर में कांग्रेसियों द्वारा धरना प्रदर्शन किए जाने को लेकर भी कार्यवाही की मांग की है ।
उल्लेखनीय है कि गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी द्वारा नीट पेपर के मुद्दे को लेकर छात्र समुदाय के समर्थन एवं कांग्रेस अध्यक्ष एवं विपक्ष के नेता सहित अन्य कांग्रेसियों की गिरफ्तारी के विरोध में पुराने बस स्टैण्ड में प्रधानमंत्री का पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया था । इसी दौरान एक भाजपा नेता पुतला लेकर भाग खड़ा हुआ और कांग्रेसी देखते रह गए । इससे गुस्साए कांग्रेसी भाजपा नेताओं से भिड़ गए, दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी होती रही । पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया । पुतला दहन के बाद जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव, पूर्व विधायक छन्नी साहू, ब्लाॅक अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू सहित कांग्रेसी छुरिया थाना पहुंचकर पूर्व जनपद सदस्य अमीर खान पर पुतला लेकर भागे जाने को लेकर अपराध दर्ज करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करने लगे । देर रात थाना छुरिया में कांग्रेसी नेताओं का विरोध प्रदर्शन चलता रहा ।
इधर भाजपा मण्डल अध्यक्ष कान्ता साहू ने कांग्रेसियों के पुतला दहन के दौरान पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू पर गाली गलौच करने का आरोप लगाया है । उन्होंने छुरिया थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन को इस संदर्भ में ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने थाना परिसर में कांग्रेसियों द्वारा धरना प्रदर्शन किए जाने को लेकर भी उचित कार्यवाही की मांग की है।
थाना परिसर में आधी रात तक चला धरना प्रदर्शन
कांग्रेस द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपाईयों द्वारा पुतला लेकर भागे जाने से कांग्रेस नेता काफी बौखला गए । उन्होंने थाना परिसर में ही धरना प्रदर्शन कर दिया । इस दौरान पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए । थाना परिसर में कांग्रेस द्वारा धरना प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलने पर विधायक भोलाराम साहू अपने समर्थको के साथ पहुंचे । जहां पुलिस प्रशासन के प्रशिक्षु सीएसपी वैशाली जैन एवं एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक के समझाईश एवं प्रतिबंधक कार्यवाही का आश्वासन दिए जाने के बाद रात 12 बजे कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया ।
