
राजनांदगांव : पीडीएस का राशन… 15 मई तक नहीं उठाने पर लैप्स होगा …
राजनांदगांव l जिलेभर के हितग्राहियों को 15 मई तक पीडीएस के राशन का उठाव करना होगा। उठाव नहीं करने पर लैप्स हो जाएगा। तेजी से वितरण करने खाद्य विभाग द्वारा पीडीएस संचालकों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्हें हितग्राहियों को सूचित कर 15 मई तक राशन उठाव करने कहा गया है। इस बीच पीडीएस की दुकानें नियमित रूप से खुलेगी। हितग्राहियों को तय समय में उठाव करना होगा। खाद्य विभाग ने पीडीएस की दुकानों से तेजी से वितरण और फिर भंडारण करने ऐसी व्यवस्था लागू की है।
खाद्य अधिकारी रविन्द सोनी ने बताया कि ऐसे हितग्राही जिन्होंने अप्रैल महीने में राशन नहीं लिया है। उनका राशन लैप्स नहीं हुआ उन्हें 15 मई तक उठाव का समय दिया गया है। ऐसे हितग्राहियों को एकमुश्त तीन माह का राशन मिलेगा। वहीं ऐसे हितग्राही जिन्होंने अप्रैल में केवल एक अप्रेल का राशन उठाव किया है, उन्हें मई और जून माह दो माह का राशन वितरण किया जाएगा।
पीडीएस संचालकों को इसमें तेजी लाने कहा गया है। ज्यादा से ज्यादा समय तक पीडीएस की दुकानें खुली रखने और राशन वितरण में तेजी लाने कहा गया है। लापरवाही करने वाले पीडीएस के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 30 अप्रैल तक तीन माह का एकमुश्त राशन वितरण नहीं होने के कारण इसकी अंतिम तिथि बढ़ा कर 15 मई की गई है।

