
राजनांदगांव : बच्चों को देंगे शतरंज, टेबल-टेनिस व स्नूकर की ट्रेनिंग …
राजनांदगांव l गर्मी की छुट्टी में बच्चों को मोबाइल की लत से दूर करने और उन्हें खेल के मैदान से जोड़ने के लिए दिग्विजय स्टेडियम समिति समर कैंप का आयोजन कर रही है। यह कैंप 11 मई से शुरु होगा। जिसमें बच्चों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
स्टेडियम के इंडोर हॉल में शतरंज और टेबल टेनिस के प्रशिक्षण शिविर शुरू होने जा रहे हैं। इन शिविरों में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों और तकनीकी ज्ञान से अवगत कराया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि टेबल टेनिस और शतरंज के प्रशिक्षण हेतु 18 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाएं ही पात्र होंगे।
स्टेडियम समिति के सचिव रमेश पटेल और सहसचिव योगेश बागड़ी ने बताया कि छुट्टियों के दौरान बच्चे अक्सर मोबाइल और टीवी में व्यस्त हो जाते हैं, जिससे उनकी शारीरिक और मानसिक सक्रियता कम होती है। यह शिविर उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगा। समर कैंप लगाने का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को ग्राउंड लेवल से तलाश कर उनकी प्रतिभा को बढ़ाना है।
बैडमिंटन व क्रिकेट का मुफ्त प्रशिक्षण दे रहे हैं युवाओं के बीच बढ़ते क्रेज को देखते हुए समिति 11 मई से ही बिलियर्ड्स और स्नूकर (पूल टेबल) का संचालन भी प्रारंभ कर रही है। खास बात यह है कि इन खेलों के लिए उम्र का कोई बंधन नहीं रखा गया है। स्नूकर खेलने वाले खिलाड़ियों को बैडमिंटन की तर्ज पर निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। वर्तमान में स्टेडियम में बास्केटबॉल और बैडमिंटन के साथ-साथ क्रिकेट का भी नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें सुबह-शाम लगभग 200 बच्चे शामिल हो रहे हैं।
पंजीयन कराने के बाद शामिल हो सकेंगे बच्चे शिविर में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी या उनके अभिभावक दिग्विजय स्टेडियम के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए नाम लिखवाने का समय दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। स्टेडियम प्रबंधक देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र सुबह और शाम दोनों पालियों में आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें। समर कैंप के लिए स्टेडियम परिसर में तमाम व्यवस्था की जा रही है। प्रशिक्षित ट्रेनर्स को भी जिम्मेदारी सौंपे हैं।



