CG: अव्यवस्था पर भड़के डॉ. रमन सिंह, कलेक्टर-एसपी को लगाई फटकार
बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री Raman Singh ने जिला प्रशासन पर नाराजगी जताई। कार्यक्रम के दौरान तेज आंधी और बारिश के कारण आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे मुख्यमंत्री के आशीर्वाद समारोह सहित कई कार्यक्रम रद्द करने पड़े।

जानकारी के अनुसार, समारोह में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, केंद्रीय राज्य मंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और बारिश से मुख्य मंच का टेंट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार्यक्रम में शामिल लोगों को बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।
इसके बाद रेस्ट हाउस में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश के कई वरिष्ठ मंत्री बेमेतरा में मौजूद थे, लेकिन जिला प्रशासन उनकी गरिमा के अनुरूप व्यवस्था करने में विफल रहा।

उन्होंने कलेक्टर और एसपी को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्वागत पीछे के रास्ते से कराया जाना और वैकल्पिक व्यवस्था समय पर नहीं कर पाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मौसम खराब होने के बाद भी प्रशासन करीब ढाई घंटे तक कोई उपयुक्त वैकल्पिक स्थल नहीं खोज सका।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने 15 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में इस तरह की अव्यवस्था नहीं देखी। उन्होंने कहा कि इस घटना से अधिकारियों को सीख मिलेगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनेगी।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
