टीवी के सबसे आइकॉनिक सीरियल ‘Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi’ में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। शो की कहानी इस मोड़ पर पहुंच चुकी है कि दर्शकों के लिए यकीन करना मुश्किल हो गया है कि मिहिर और तुलसी सच में अलग हो सकते हैं। जिस रिश्ते को सालों तक आदर्श माना गया, अब उसी में दरार पड़ती नजर आ रही है।
तुलसी को आखिरकार मिहिर और नॉयना के रिश्ते की सच्चाई पता चल चुकी है। यह सच सामने आते ही तुलसी पूरी तरह टूट जाती है। उसके लिए यह सिर्फ धोखा नहीं, बल्कि सालों के भरोसे का टूटना है।
परी-रणविजय की शादी के बाद मचा बवाल
अब तक शो में दिखाया गया है कि परी और रणविजय की शादी हो जाती है और उसी दौरान तुलसी घर वापस लौटती है। विदाई के बाद जब घर में सिर्फ तुलसी और मिहिर रह जाते हैं, तब दोनों के बीच आमने-सामने की बातचीत होती है। लेकिन यह बातचीत प्यार की नहीं, बल्कि शिकायतों और दर्द से भरी होती है।
मिहिर की सफाई और तुलसी का गुस्सा
आने वाले एपिसोड में मिहिर तुलसी से बात करने की कोशिश करता है, लेकिन तुलसी का गुस्सा सातवें आसमान पर होता है। वह मिहिर से सीधे सवाल करती है कि वह नॉयना के साथ क्या कर रहा था। इतना ही नहीं, तुलसी मिहिर को सख्त शब्दों में चेतावनी देती है कि वह उसका नाम भी अपनी जुबान पर न लाए।
तुलसी का दर्द उस वक्त और गहरा हो जाता है जब वह कहती है कि मिहिर के मुंह से अपना नाम सुनना ऐसा लगता है जैसे तुलसी के पत्ते पर तेजाब डाल दिया गया हो। वह मिहिर को उसके पुराने गुनाह, यानी मंदिरा के साथ किए गए धोखे की भी याद दिलाती है और पूछती है कि अगर प्यार नहीं था, तो पहले क्यों नहीं बताया।
नॉयना की चाल और मिहिर का फैसला
इसी बीच गायत्री की मदद से नॉयना, तुलसी के बेडरूम तक पहुंच जाती है, लेकिन इस बार मिहिर उसे उसकी असली जगह दिखा देता है। तुलसी के जाने के बाद मिहिर यह फैसला करता है कि वह अब अपनी जिंदगी में किसी और को जगह नहीं देगा।
6 साल का लीप और नई शुरुआत
शो की कहानी में अब 6 साल का बड़ा लीप आने वाला है। लीप के बाद तुलसी, अंगद के साथ चॉल में रहने लगती है। इसी दौरान उसे पता चलता है कि वृंदा मां बनने वाली है। इस खुशखबरी के साथ कहानी में एक बार फिर से उम्मीद और खुशी की किरण नजर आने लगती है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वक्त मिहिर और तुलसी के रिश्ते को फिर से जोड़ पाएगा या यह कहानी एक नए मोड़ पर आगे बढ़ेगी।
