CG : जेल में होंगे अवैध प्लॉटिंग करने वाले, SDM की सख्ती …
तखतपुर. अनुविभाग के सकरी क्षेत्र में इन दिनों अवैध प्लॉटिंग का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है. लोखंडी, घुरू अमेरी, सैदा, मेंड्रा, हाफा, पांड़ सहित तखतपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में भू-माफिया बेखौफ होकर कृषि भूमि को टुकड़ों में बांटकर प्लॉटिंग कर रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के इन प्लॉटों की रजिस्ट्रियां भी धड़ल्ले से की जा रही हैं. यह पूरा खेल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसी) और रेरा जैसे अनिवार्य नियमों को दरकिनार कर संचालित किया जा रहा है. अवैध प्लॉटिंग और कृषि भूमि के अनियंत्रित विभाजन को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं, ताकि राजस्व हानि से बचा जा सके. इसके बावजूद भू-माफिया नियमों को ताक में रखकर खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं. इस बढ़ती अनियमितता को देखते हुए अब प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है. तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने बताया कि हाल ही में अवैध प्लॉटिंग में शामिल आधा दर्जन से अधिक खसरों पर खरीदी-बिक्री और नामांतरण की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है. साथ ही राजस्व विभाग की टीमों को लगातार निगरानी और चिन्हांकन के निर्देश दिए गए हैं.



