राजनांदगांव : दीपावली पर शहर के 51 वार्डों में रोशनी का इंतजाम, लगाई गईं 1000 नई एलईडी लाइटें…
राजनांदगांव , दीपावली पर शहर के वार्डों को रोशन करने नगर निगम ने बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का अभियान चलाया है। इसके तहत निगम के 51 वार्डों में अब तक करीब 1000 नई एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं। वहीं 1500 से अधिक खराब लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू किया गया है। अंधेरे और दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्रों के साथ मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर भी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।
महापौर मधुसूदन यादव की पहल पर पार्षद निधि से लाइट खरीदने की अनुमति मिलने के बाद वार्ड पार्षदों की अनुशंसा के अनुसार नई लाइटें लगाई गई हैं। जरूरत के मुताबिक 60 और 70 वाट की एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। पुरानी और खराब लाइटों को भी बदला जा रहा है। महापौर और निगम आयुक्त जीआर मरकाम की पहल पर दीपावली को देखते हुए मुख्य मार्गों और दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की गई है।
रेवाडीह चौक पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भी हाईमास्ट लगाए गए हैं। मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर पुराने पोल हटाकर नए ट्यूबलर पोल लगाए गए हैं। वहीं नेशनल हाईवे पर पार्रीनाला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक पुरानी लाइटों को बदलकर 150 वाट की करीब 300 नई लाइटें लगाई गई हैं।
निगम के अनुसार वार्डों में लाइट लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत का काम अभी जारी है। उद्देश्य है कि दीपावली के दौरान शहर के वार्डों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी रहे, ताकि नागरिकों को अंधेरे से राहत मिलने के साथ आवागमन में भी सुविधा हो।




