राजनांदगांव : राशन का पर्याप्त भंडारण सर्वर ठप, वितरण अटका…
राजनांदगांव , दिवाली पर्व को ध्यान में रख खाद्य विभाग ने जिलेभर की पीडीएस की दुकानों में राशन का पर्याप्त भंडारण तो कर दिया। लेकिन सर्वर की समस्या के चलते ई-पॉश मशीन काम नहीं कर रही। ऐसे में हितग्राहियों को राशन का वितरण नहीं हो रहा। दिवाली पर्व के चलते बड़ी संख्या में हितग्राही पीडीएस की दुकानों में राशन लेने तो पहुंच रहे लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ई-पॉश मशीन नहीं चलने से कुछ दुकानें खुल भी नहीं रही। यही हाल रहा तो दिवाली के बाद वितरण हो पाएगा।
खाद्य अधिकारी रविन्दर सोनी का कहना है जिलेभर की 498 से ज्यादा पीडीएस दुकानों में 85 फीसदी से ज्यादा राशन भंडारण किया जा चुका है। कुछ दुकानें छोटी होने के कारण दोबारा भंडारण करना पड़ता है, अभी वहां वितरण करने पर्याप्त स्टॉक है। जल्द राशन वितरण किया जाएगा।
प्रदेशभर की दुकानों से राशन वितरण में परेशानी स्मार्ट पीडीएस सिस्टम के तहत सर्वर और सिस्टम, ई-पॉशीन की अपडेशन प्रक्रिया के चलते केवल राजनांदगांव जिला नहीं प्रदेशभर में पीडीएस राशन वितरण नहीं होने की समस्या है। अफसरों का कहना है पीडीएस संचालकों को हितग्राहियों को इसकी जानकारी देने कहा है, दिवाली से पहले वितरण शुरू होने का दावा किया गया है। नहीं होने पर दिवाली के बाद राशन वितरण होगा।
पर्व को देख सितंबर में ही सितंबर-अक्टूबर दो माह का राशन एक साथ दिया गया है। शक्कर का वितरण भी किया गया है। जिले में 498 से ज्यादा राशन दुकानें है, करीब 2 लाख 61 हजार राशन कार्ड में 9 लाख से ज्यादा सदस्यों को हर माह में करीब 75 हजार क्विंटल राशन वितरण किया जाता है।



