राजनांदगांव : युवा संवाद कार्यक्रम पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति..
राजनांदगांव , शासकीय स्कूलों और कॉलेजों में भाजपा के युवा संवाद कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक गतिविधियों के संचालन पर आपत्ति जताते हुए इसे शिक्षा परिसरों का राजनीतिकरण बताया है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऐसे आयोजनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
जितेंद्र मुदलियार ने आरोप लगाया कि भाजपा युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों के जरिए शासकीय स्कूल-कॉलेजों में अपने राजनीतिक एजेंडे का प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर स्कूली बच्चों से स्कूल के बाहर दीये जलवाए गए। परीक्षा निरस्त कर बच्चों को राजनीतिक कार्यक्रम में भेजने और अब युवा संवाद के नाम पर राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने के मामले सामने आए हैं।
यह शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा और विद्यार्थियों के हितों के साथ खिलवाड़ है। मुदलियार ने कहा कि स्कूल-कॉलेज किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं। ये युवाओं का भविष्य गढ़ने के केंद्र हैं, जहां सभी विचारधाराओं के विद्यार्थियों को समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रमों की अनुमति देने वाले प्राचार्यों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
प्राचार्यों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग कांग्रेस ने ज्ञापन में शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक आयोजनों पर रोक लगाने, अनुमति देने वाले प्राचार्यों पर कार्रवाई करने, संबंधित जनभागीदारी समितियों को बर्खास्त करने और भविष्य में शैक्षणिक परिसरों का राजनीतिक प्रचार के लिए उपयोग नहीं होने देने के स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की। इस दौरान कुलबीर छाबड़ा, कमलजीत पिंटू, राकेश जोशी, मामराज अग्रवाल, रुपेश दुबे, वीरेंद्र चंद्राकर, देवेश वैष्णव, अशोक पंजवानी और चेतन भानुशाली सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।




