राजनांदगांव : पानी की टंकी नहीं भरने से नलों का प्रेशर घटा, शहर के तीन वार्डों में गहराया जल संकट…
राजनांदगांव , कंचनबाग-लखोली क्षेत्र में कम पानी आने की शिकायत बनी हुई है। नलों में प्रेशर नहीं बन पा रहा है। इसके चलते ज़रुरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा। त्योहारी सीजन में बनी ऐसी समस्या की शिकायत वार्ड पार्षदों ने महापौर मधुसूदन यादव से की। जिसके बाद महापौर ने लखोली क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।
तकनीकी अफसरों के साथ महापौर कंचनबाग पहुंचे। जहां सामने आया कि कंचन बाग की ओवरहेड टंकी की क्षमता 13.50 लाख लीटर है। जिसमें समय पर भर नहीं पा रही है। टंकी में जलभराव कम होने की वजह से प्रेशर कम होने और सप्लाई प्रभावित होने की शिकायत बनी हुई है। इससे सबसे अधिक प्रभावित लखोली का वार्ड क्रमांक 30, 31 और 32 हो रहा है। महापौर ने अधिकारियों को टंकी के पूरी तरह भरने पर ही आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंंने इसके लिए वाल्व मेन को गंभीरता दिखाने कहा। वहीं स्थिति में सुधार होने तक प्रभावित क्षेत्र में टैंकर से पानी सप्लाई के निर्देश दिए।
राइजिंग लाइन बिछने के बाद होगा सुधार: कंचन बाग टंकी के लिए मोहारा से अतिरिक्त राइजिंग पाइप लाइन बिछाई जा रही है। अफसरों ने बताया कि लाइन बिछाए जाने के बाद ओवरहेड टंकी का भराव तेजी से और समय पर हो सकेगा। इसके बाद लो प्रेशर और कमजोर सप्लाई की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।



