राजनांदगांव : हॉकी स्टेडियम में बिछेगा बेल्जियम का ब्लू टर्फ, 5.6 करोड़ से संवरेगा मैदान…
राजनांदगांव , गौरव पथ स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खराब हो चुके पुराने एस्ट्रोटर्फ को हटाकर नया टर्फ बिछाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साढ़े पांच करोड़ की लागत से मैदान को संवारा जा रहा है।
इस बार मैदान में बेल्जियम से मंगवाया गया नीले रंग का नया एस्ट्रोटर्फ बिछाया जाएगा। टर्फ बदलने के साथ ही पिछले दो सालों से ठप पड़े ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट की वापसी की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। डामर की परत बिछाने के बाद अब इस पर रबर बेस और बेल्जियम से आने वाला ब्लू टर्फ बिछाया जाएगा।
नए टर्फ के लिए ऑर्डर दिया जा चुका है ^ हॉकी स्टेडियम में नया ब्लू टर्फ लगाने का काम जारी है। इसके लिए ऑर्डर दिया जा चुका है। टर्फ बिछने के बाद शहर में खेल गतिविधियां बढ़ेंगी और नर्सरी से नए खिलाड़ी तैयार होंगे। -जितेन्द्र यादव, कलेक्टर पुराने टर्फ को हटाकर पहले डामर और फिर रबर की परत बिछाई जा रही है।
इसके ऊपर नीला टर्फ लगेगा। एस्ट्रोटर्फ की मैन्युफैक्चरिंग भारत में नहीं होने के कारण बेल्जियम की कंपनी को ऑर्डर दिया गया है। बताया गया कि वहां से आपूर्ति में लगभग एक महीने का समय लगने का अनुमान है। नया टर्फ लगने के बाद यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता फिर से शुरू हो सकेगी।




