राजनांदगांव : आवारा कुत्ते ने मासूम के चेहरे को नोचा, पलक काटी, गंभीर…
राजनांदगांव , शहर के स्टेशन पारा क्षेत्र के पास आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर करीब 3:10 बजे घर के बाहर खेल रहे एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे पर हमला बोला। इस दौरान उसकी बांई आंख की पलक लटक गई हैं। पास में ही उसके चाचा का लड़का वहां पहुंचा और कुत्ते को उसने भगाया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
चाचा हीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका भतीजा प्रभादीत ढल्ला दोपहर में घर के गेट के पास खेल रहा था। अचानक एक कुत्ते ने उसके चेहरे पर झपट्टा मार दिया। कुत्ते ने मासूम के चेहरे पर काटते हुए उसकी आंख की पलक को काटने का प्रयास किया। गाल के पास भी नोच डाला। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर हीरेंद्र का बेटा 12 वर्षीय गुरदीत सिंह वहां पहुंचा और आसपास के लोग दौड़े। किसी तरह कुत्ते को खदेड़कर बच्चे की जान बचाई।
पिता की मौत हो चुकी चाचा हीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रभजीत के पिता वीरेंद्र सिंह ढल्ला की पिछले साल हरेली के दिन सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। मासूम अपनी मां के साथ रहता है। लहूलुहान स्थिति में उसे स्थानीय अस्पताल में दिखाया गया लेकिन गंभीर स्थिति में बच्चे को रायपुर रेफर किया गया।
कुत्ते पकड़ने जाती है टीम नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा ने बताया कि हरियाणा की एजेंसी को आवारा कुत्तों के बधियाकरण का काम दिया गया है। हालांकि जहां भी कुत्तों को पकड़ने यह टीम जाती है, डॉग लवर का विरोध झेलना पड़ता है। बावजूद हमारा अभियान जारी है।




