छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ ने 26 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए : गजेन्द्र यादव …

By kadwaghut|03 Nov 2026, 3:48 PM
f X W
  • जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अधोसंरचना विकास से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर
  • प्रभारी मंत्री जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 में हुए शामिल
  • जिलेवासियों को दी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

राजनांदगांव । स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव आज छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रभारी मंत्री यादव ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने अपने गठन के 26 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में 1 नवम्बर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। आज प्रदेश कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रभारी मंत्री यादव ने कहा कि राज्य गठन के प्रारंभिक वर्षों में छत्तीसगढ़ को गरीबी, अकाल एवं पलायन जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, स्कूल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीब परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रूपए की आर्थिक सहायता मिल रही है। किसानों से धान खरीदी एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं खनिज संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम एवं एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। प्रभारी मंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए नागरिकों से विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

READ ALSO  2 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में होंगे राज्य स्थापना दिवस के विशेष कार्यक्रम

महापौर मधुसूदन यादव ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले के ग्राम खैरा की उपलब्धि का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गांव के सभी 141 घरों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इनमें 93 प्रधानमंत्री आवास भी शामिल हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन एवं पूरी टीम को बधाई दी तथा नागरिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का ननिहाल छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य एवं गौरवशाली परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं और किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए गांवों को सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लगभग 850 की आबादी वाले गांव के सभी 141 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही ग्राम खैरा योजना के तहत शत-प्रतिशत घरों में सोलर सिस्टम स्थापित करने वाला देश का पहला गांव बन गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, विद्युत विभाग, जनपद पंचायत, बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जो ग्रामीण पहले बिजली के उपभोक्ता थे, वे अब स्वयं बिजली का उत्पादन कर ऊर्जा प्रदाता बन रहे हैं। ग्राम खैरा जनसहभागिता एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सभी से जिले के विकास में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक गायक निलेश जोगी ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोक गीत, जस गीत एवं पुराने लोक संगीत की सुमधुर प्रस्तुति दी।

READ ALSO  छत्तीसगढ़ में कौशल विकास से बदलेगी बस्तर की तस्वीर, पुनर्वासित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

इस अवसर पर जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, उपाध्यक्ष भरत वर्मा, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी, पूर्व सांसद दिनेश गांधी, पूर्व विधायक रामजी भारती, विनोद खाण्डेकर, रमेश पटेल, शिव वर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button