राजनांदगांव : विधायक निधि की राशि 5 महीने से अटकी, निर्माण का भुगतान भी नहीं…
अंबागढ़ चौकी , ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के बाद भी राशि का भुगतान नहीं होने और नए कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। मानपुर विकासखंड के कहडबरी, सिवनी तथा इरागांव तथा अंबागढ़ चौकी के बागनारा, मोंगरा के सरपंचों का कहना है कि विधायक निधि से कराए गए निर्माण कार्यों को पूरा हुए करीब पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक राशि जारी नहीं की गई है। वहीं सांसद निधि से जिम स्थापना के लिए कराए गए कार्य का भुगतान भी अटका हुआ है।
ज्ञात हो कि सांसद निधि से ग्राम दनगढ़, गोटाटोला में 5 लाख की लागत से ओपन िजम स्वीकृत किया गया है जिसकी राशि भी जारी नहीं की गई है। सरपंचों के मुताबिक निर्माण कार्य पूरे होने के बावजूद भुगतान नहीं होने से पंचायतों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को भी प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिल पा रही है। इससे नए विकास कार्य शुरू करने में देरी हो रही है और जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों में भी रोष बढ़ रहा है।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी जिम स्थापना और वर्चुअल क्लास सहित कुछ खर्चों पर सवाल उठने के आरोप सामने आए हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि विकास कार्यों की राशि जारी करने और नए कार्यों को स्वीकृति देने में पारदर्शिता तथा समयबद्धता की कमी है। लंबित राशि का भुगतान जल्द करने और प्रशासकीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। अधिकारियों के दुर्व्यवहार, अड़ियल रवैये को लेकर जिलेभर के सरपंचों ने जिला मुख्यालय में धरना दिया था। सीईओ मोहला, जिपं सीईओ के तबादले को इसी घटनाक्रम से भी जोड़कर देखा गया था।
नए नियमों का हवाला, कामकाज प्रभावित जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि अधिकारी नए-नए नियमों और प्रक्रियाओं का हवाला देकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। उनका कहना है कि नए जिले में प्रशासनिक तंत्र का दबदबा बढ़ गया है और विकास कार्यों से जुड़े निर्णयों में अनावश्यक देरी हो रही है। समय पर भुगतान और स्वीकृति नहीं मिलने से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।




