CG : रक्तदान कर मौसमी साहा ने दिया मानवता और जनसेवा का संदेश …
रक्तदान महादान” की भावना के साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए बढ़ाया कदम
उत्तर बस्तर कांकेर । सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित “सेवा संकल्प अभियान-सेवा मेरा योगदान” के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ ही जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वैच्छिक रक्तदान हेतु प्रेरित किया गया।
इसी कड़ी में नरहरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित रक्तदान शिविर में नरहरपुर निवासी मौसमी साहा ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और जनसेवा की मिसाल प्रस्तुत की। उनका यह कदम समाज के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा भाव का प्रेरणादायक उदाहरण है।
मौसमी साहा ने रक्तदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराना उसके जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में आशा की नई किरण जगाने का माध्यम भी है। ऐसे प्रयास समाज में परोपकार, मानवीय संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।




