राजनांदगांव : नवरात्रि में पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम, रेडियम स्टिकर अनिवार्य; भारी वाहनों पर प्रतिबंध…
राजनांदगांव , शारदीय नवरात्रि की शुरुआत रविवार से हो रही है। इसके साथ ही डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर में 9 दिनों तक मेले का आयोजन होगा। जिसे लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा, पदयात्रियों की सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर प्लान तैयार कर लिया गया।
डोंगरगढ़ मेले व मंदिर परिसर में व्यवस्था के लिए 1100 जवानों को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा मेले और दर्शन मार्ग पर 30 राजपत्रित अधिकारियों, 50 निरीक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए विशेष क्राइम टीमें भी सक्रिय रहेंगी। खास बात यह है कि इस बार पदयात्री रेडियम स्टिकर लगाकर ही पदयात्री रुट में आगे बढ़ेंगे। रात में सुरक्षा के लिहाज से यह व्यवस्था बनाई गई है। पुलिस प्रशासन 20 हजार रेडियम स्टिकर बांटेगी। सभी सेवा पंडालों में भी स्टिकर की सुविधा मिलेगी। पदयात्री मार्ग में भारी वाहनों के एंट्री को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
पर्व के दौरान 10 लाख भक्तों के पहुंचने का लगाया अनुमान शारदीय नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। बीते साल भी रिकार्ड संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचे थे। जिसे देखते हुए सुविधाओं पर खास फोकस किया जा रहा है। क्षीरपानी में जिग जैक सिस्टम बनाया जा रहा है। इससे होकर ही श्रद्धालु सीढ़ियों पर पहुुचेंगे। इससे भीड़ नियंत्रित रहेगी। इमरजेंसी सर्विस के साथ कंट्रोल रूम और मेडिकल टीमें भी तैनात रहेंगी।




