छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : आईटीबीपी जवानों और पूर्व छात्रों के सहयोग से पीएम नवोदय विद्यालय में रोपे गए 180 नारियल के पौधे…

By kadwaghut|08 Oct 2026, 12:25 PM
f X W

डोंगरगढ़ । पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ (जिला राजनांदगांव) में मंगलवार, 6 अक्टूबर को आईटीबीपी 40वीं वाहिनी के जवानों एवं विद्यालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत विद्यालय परिसर में लगभग 180 नारियल के पौधे रोपे गए।
पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और परिसर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में आईटीबीपी 40 बटालियन डोंगरगढ़ के सहायक कमांडेंट मुकेश भास्कर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यालय को हरा-भरा बनाने के लिए रोपे गए ये सभी 180 नारियल के पौधे नवोदय विद्यालय के 11वें पासआउट बैच के पूर्व छात्र.छात्राओं द्वारा उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। इनमें गोपाल कुलदीप, टिकेश्वर नेताम, पूर्णिमा, दीप्ति चंदेल, तरुण, अतुल ताम्रकार, ज्योत्सना साहू और कृष्ण चंद्रवंशी का विशेष योगदान रहा।


कार्यक्रम के शुभारंभ में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि सहायक कमांडेंट मुकेश भास्कर एवं आईटीबीपी जवानों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात अतिथियों, शिक्षकों एवं कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं ने मिलकर पौधारोपण किया।
पौधारोपण के इस पुनीत कार्य में उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल, अनिल कुमार पाल, उमा धुर्वे, पहलाद मरकाम, कंचन राठौर, कृष्ण कुमार और नरेंद्र कुमार मालेकर उपस्थित रहे। वहीं, आयोजन को सफल बनाने में ग्रुप डी कर्मचारियों तामेश्वर पटेल व लिकेश्वर वर्मा तथा कैटरिंग सुपरवाइजर अवध नारायण ने सक्रिय भूमिका निभाई।


इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र एवं राजस्व विभाग में कार्यरत भीष्म ठाकुर तथा डोंगरगढ़ के होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कलचुरी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि टिकेश्वर नेताम और भीष्म ठाकुर लगातार नवोदय परिवार से जुड़े रहते हैं तथा छात्रों की हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सहायक कमांडेंट मुकेश भास्कर ने जवाहर नवोदय विद्यालय की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं परिसर के बेहतर रख-रखाव की खुले मन से प्रशंसा की। उन्होंने भविष्य में पुनः विद्यालय आकर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अभियान में आईटीबीपी के जवान विशाल चव्हाण, मनोज मंडावी और गौतम कुमार का योगदान भी सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य संजय कुमार मंडल ने आईटीबीपी के अधिकारियों, जवानों, पूर्व विद्यार्थियों एवं सभी कर्मचारियों का इस सफल अभियान हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया।

READ ALSO  भिलाई में शहरी जल प्रबंधन योजना को रफ्तार: 80 वर्ग किमी क्षेत्र का होगा ड्रोन सर्वे
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins