राजनांदगांव : परमालकसा में बनेगा ओवरब्रिज, स्टेशनपारा-गौरीनगर अंडरब्रिज जल्द होंगे शुरू…
राजनांदगांव में रेलवे क्रॉसिंग की वजह से लोगों को हो रही परेशानी और हादसों के खतरे को लेकर रेलवे के बड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने रेलवे जीएम तरुण प्रकाश, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, नागपुर डीआरएम दीपक गुप्ता समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में अंडरब्रिज, ओवरब्रिज और सर्विस रोड के लंबित कार्यों की स्थिति जानी। बैठक में सबसे अहम मुद्दा परमालकसा रेलवे क्रॉसिंग का रहा। यहां रेलवे पटरी के दूसरी ओर खेत और स्कूल होने के कारण ग्रामीण और विद्यार्थी पानी निकासी के लिए बनी पुलिया के रास्ते पटरी पार कर रहे हैं।
बारिश के दौरान पुलिया में पानी भरने से जोखिम और बढ़ जाता है। यहां ओवरब्रिज निर्माण की जरूरत को प्रमुखता से रखा गया। चिखली गेट यानी स्टेशन पारा और गौरीनगर गेट पर बन रहे अंडरब्रिज का काम अंतिम चरण में है, लेकिन कुछ कारणों से निर्माण बीच में रुक गया था। रेलवे अधिकारियों ने जल्द काम दोबारा शुरू कर उसे पूरा करने का भरोसा दिलाया। दोनों अंडरब्रिज शुरू होने से शहर के इन प्रमुख रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। शहर के दोनों अंडरब्रिज में रेलवे ट्रैक के नीचे कांक्रीट की सुरंग पुश करने से पहले रेल क्लस्टर लोहे की मजबूत नींव और पुल तैयार किया जाएगा।
वहां बन कर तैयार कांक्रीट सुरंग की पुशिंग के दौरान रेलवे ट्रैक के नीचे से पहले मिट्टी हटाई जाएगी। सुरक्षा कारणों के चलते इस दौरान ट्रेनों की स्पीड 20 से 30 किमी प्रति घंटे रहेगी और ट्रेनों का पूरा भार इन लोहे के मजबूत रेल क्लस्टर पर रहेगा। इसी माह 10 अक्टूबर के बाद रेलवे के इंजीनियरों द्वारा यह काम शुरू किया जाएगा। डॉ. रमन सिंह ने तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। बरगा आरओबी में सर्विस रोड निर्माण की कार्रवाई भी जल्द पूरी करने कहा गया।
पाइप लाइन में लीकेज होने से भर रहा पानी रेलवे के विकास कामों पर चर्चा कर उच्च अफसरों ने 10 अक्टूबर के बाद काम में तेजी लाने कहा है। फिलहाल दोनों अंडरब्रिज में 3-3 पंप लगा कर बारिश के पानी की निकासी कर रहे हैं। लेकिन निगम की डूबी पाइप लाइन दो जगह लीकेज होने के कारण पानी तेजी से खाली नहीं हो रहा। यहां ज्यादा संख्या और क्षमता वाले पंप लगाने की तैयारी है, जरूरत पड़ने पर यहां से पानी की सप्लाई को कुछ समय के लिए रोक कर जमा पानी की निकासी की जाएगी और पाइप लाइन की मरम्मत की जाएगी।




