राजनांदगांव : जन्मदिन मनाने जा रहे पांच दोस्तों की कार हादसे का शिकार, 3 दोस्तों की मौत, 2 घायल….

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में जन्मदिन मनाने जा रहे पांच दोस्तों की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे सोमनी थाना क्षेत्र के टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में ठेकेदार सहित तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जन्मदिन मनाने ढाबे जा रहे थे पांच दोस्त
जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर का 3 अक्टूबर को जन्मदिन था। वह छत्तीसगढ़ शासन के लिए इलेक्ट्रिकल एवं सिविल निर्माण कार्यों का ठेका लेते थे। दिन में उन्होंने परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। इसके बाद रात में वह अपने चार दोस्तों के साथ कार से भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने निकले थे।
बताया जा रहा है कि सभी पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां खाना नहीं मिलने के कारण वे आगे बढ़ गए। इसके बाद दूसरे ढाबे पर रुकने के दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में इन तीन युवकों की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- अभिषेक सिंह ठाकुर (30 वर्ष) – ठेकेदार
- तोषण तिवारी (29 वर्ष)
- प्रशांत दास (27 वर्ष)
अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास को मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल अन्य दो युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।
संकरी सड़क को भी हादसे की वजह माना जा रहा
परिजनों के अनुसार, अभिषेक अपने दोस्त की कार चला रहा था। ढाबे से वापस लौटते समय सोमनी नाले के सामने कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास सड़क का मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे वाहन चलाने में परेशानी होती है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस दुर्घटना ने अभिषेक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि अभिषेक की दो छोटी बेटियां हैं।
सोमनी पुलिस ने शुरू की जांच
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, दुर्घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे हुई। पांचों युवक अभिषेक सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए भिलाई से राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




