राजनांदगांव : बच्चों के सपने ही गढ़ेंगे विकसित भारत की नई तस्वीर…
स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने बसंतपुर स्कूल के ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार और मरम्मत कार्य के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए पृथक-पृथक शौचालयों और 5 नवीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा पेण्ड्री, मोहारा एवं शंकरपुर सहित क्षेत्र के अन्य स्कूलों में विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की भी घोषणा की गई।
2047 के विकसित भारत की दिखी झलक: समारोह में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग्स, पोस्टर्स और भाषणों के माध्यम से 2014 के भारत, वर्तमान भारत और 2047 के स्वर्णिम भारत की परिकल्पना को प्रदर्शित किया। प्रभारी मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की कल्पनाओं में ही विकसित भारत की मजबूत नींव दिखाई देती है।
सांसद पांडेय ने सृजनात्मक सोच को सराहा: सांसद संतोष पांडेय ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे मंच और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि बड़े उद्देश्य के साथ किया जाना चाहिए।
समारोह में ये रहे उपस्थित: कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष किरण साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक विनोद खाण्डेकर, भरत वर्मा, एमडी ठाकुर, राजेन्द्र गोलछा और जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



