CG : दो पुलिसकर्मी पकड़ते रह गए, दांत से काटकर जंजीर समेत भाग निकला आरोपी …
जशपुर: जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां पुलिस अभिरक्षा में लाया जा रहा एक आरोपी दो पुलिसकर्मियों को धक्का देकर जंजीर समेत फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिसकर्मियों और उसके बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद कुनकुरी पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी क्षेत्र के दीपाटोली का रहने वाला एक आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसे पकड़कर मोटरसाइकिल से कुनकुरी थाना ला रही थी। आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों के बीच बैठा हुआ था। इसी दौरान ईशा क्लिनिक के पास आरोपी ने अचानक जोरदार झटका दिया, जिससे चलती मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक गिरते ही आरोपी मौके से भागने लगा। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद कुछ देर तक आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी होती रही। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को दांत से काटकर खुद को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी जब तक उसे दोबारा काबू में कर पाते, आरोपी जंजीर समेत मौके से फरार हो गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर रही है।




