छत्तीसगढ़धमतरी जिला

CG : बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे सीईओ जयंत नाहटा, ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील …

By kadwaghut|26 Sep 2026, 11:13 AM
f X W

सारंगपुर और भरारी में जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा, राहत-बचाव और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने दिए निर्देश

Advertisement
Advertisement

धमतरी । जिले में लगातार हो रही वर्षा और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित ग्राम सारंगपुर और भरारी का दौरा कर मौके पर जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर परिस्थितियों की जानकारी ली तथा उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम सारंगपुर में सीईओ श्री नाहटा ने बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में रह रहे परिवारों से सतर्क रहने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी प्रकार का जोखिम न लेते हुए तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ उनके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित रूप से प्रभावित परिवारों की पहचान एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाए जाने वाले परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, भोजन, पेयजल, आवास तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए बचाव दल एवं आवश्यक संसाधनों को तैयार स्थिति में रखने के निर्देश दिए।

READ ALSO  राजनांदगांव : कचरे का ढेर, शौचालय भी बदहाल, सफाई व्यवस्था कई महीनों से ठप, लोगों में आक्रोश…

इसके पश्चात सीईओ श्री नाहटा ने ग्राम भरारी पहुंचकर नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नदी किनारे निवासरत परिवारों से विशेष सावधानी बरतने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की समझाइश दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतने तथा जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

सीईओ श्री नाहटा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा और जलस्तर की स्थिति पर निरंतर नजर रखते हुए किसी भी संभावित खतरे की सूचना तत्काल संबंधित स्तर तक पहुंचाई जाए। ग्रामीणों को भी नदी, नाले, पुल-पुलिया और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ वर्षा रानी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावित एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins