Rajnandgaon : गणेश झांकी से पहले बसंतपुर पुलिस का एक्शन, चाकू लहराने वाला गिरफ्तार; दो असामाजिक तत्व भेजे गए जेल
राजनांदगांव। गणेश उत्सव एवं विसर्जन झांकी के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बसंतपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल दाखिल कराया है। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गणेश विसर्जन झांकी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 24 सितंबर को बसंतपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों में हो-हुल्लड़ और असामाजिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने शशि मरकाम (21), निवासी महामाया चौक और भूपेन्द्र मेश्राम (36), निवासी शिकारी पारा, महामाया चौक के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उन्हें जेल दाखिल किया गया।
चाकू लहराकर लोगों को डराने का आरोप
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक युवक सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों में भय उत्पन्न कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मयंक यादव (20), निवासी बांसपाई पारा को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन तथा बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने कहा है कि गणेश विसर्जन झांकी एवं त्योहारी माहौल के दौरान शहर में शांति बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कडुवाघूंट समाचार





