CG : भाजपा का सेवा संकल्प अभियान आज से, महीनेभर होंगे कार्यक्रम …
खैरागढ़ l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेता नीलू शर्मा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है, लेकिन इस वर्ष जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे एक माह के विशेष अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है। कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ प्रधानमंत्री का जनसेवा का सफर अब 25 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं, सुशासन और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू, विक्रांत सिंह, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार सहित वरिष्ठ नेता व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
रक्तदान से दीप जलाने तक, होंगे विविध आयोजन अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस एवं रक्तदान शिविरों से होगी। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों और नागरिकों द्वारा घरों में दीप जलाकर कृतज्ञता व विकसित भारत का संकल्प व्यक्त किया जाएगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकारी, ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिताएं, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ सहित कार्यक्रम होंगे। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत बाइक रैली व पैदल यात्रा निकाली जाएगी।




