बारिश और जलजमाव के चलते ट्रांसपोर्टcost बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ा

पटना
लगातार हो रही बारिश और बाढ़ का असर अब सब्जियों की कीमतों पर साफ दिखने लगा है। मंडियों में आवक प्रभावित होने से हरी सब्जियों समेत आलू-प्याज और मसाला वर्ग की सब्जियों के भाव बढ़ने लगे हैं।
कारोबारियों के अनुसार तीन माह पहले की तुलना में इस समय अधिकांश सब्जियां महंगी बिक रही हैं। इससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।
वर्तमान में प्याज 280 रुपये प्रति पांच किलो तक पहुंच गया है। धनिया पत्ता 160, शिमला मिर्च 100, लाल आलू 90 का पांच किलो तथा ओल और अदरक 80 रुपये किलो बिक रहे हैं।
वहीं, परवल और बैंगन 60, लाल साग व हरी मिर्च 60, बोरो 60, चठैल 50 और मूली 50 रुपये किलो है। कद्दू 50 रुपये पीस बिक रहा है। भिंडी, नेनुआ, टमाटर, बंदागोभी, खीरा और करैला 40 रुपये किलो के आसपास है।
फूलगोभी भी 40 रुपये पीस बिक रही है। उजला आलू 70 रुपये के पांच किलो है। कारोबारियों का कहना है कि बारिश के कारण खेतों से सब्जियों की तुड़ाई और मंडियों तक पहुंच प्रभावित होने लगी है।
रास्तों में जलजमाव के कारण परिवहन लागत भी बढ़ रही है। कारोबारियों के अनुसार यदि बारिश का दौर जारी रहा और खेतों से आवक सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में सब्जियों के भाव में और उछाल आ सकता है। खासकर हरी सब्जियों के दाम मौसम पर काफी निर्भर हैं।
अभी बाजार में प्रमुख सब्जियों के भाव
सब्जी वर्तमान भाव पूर्व का भाव
प्याज 56 रुपये 25 रुपये
धनिया पत्ता 160 रुपये 120 रुपये
शिमला मिर्च 100 रुपये 80 रुपये
लाल आलू 18 रुपये 15 रुपये
ओल 80 रुपये 70 रुपये
अदरक 80 रुपये 120 रुपये
उजला आलू 14 रुपये 12 रुपये
परवल 60 रुपये 40 रुपये
बैंगन 60 रुपये 30 रुपये
हरी मिर्च 60 रुपये 80 रुपये
लाल साग 60 रुपये 40 रुपये
बोरो 60 रुपये 30 रुपये
मूली 50 रुपये 50 रुपये
चठैल 50 रुपये 80 रुपये
कद्दू 50 रुपये/पीस 30 रुपये/पीस
नेनुआ 40 रुपये 30 रुपये
भिंडी 40 रुपये 30 रुपये
टमाटर 40 रुपये 30 रुपये
बंदागोभी 40 रुपये 30 रुपये
खीरा 40 रुपये 20 रुपये
करैला 40 रुपये 30 रुपये
फूलगोभी 40 रुपये/पीस 20 रुपये/पीस




