राजनांदगांव : मुढ़पार नाला में जुआ खेल रहे पांच लोग पकड़े गए, 1.26 लाख की संपत्ति जब्त…
डोंगरगढ़ , हनुमान मंदिर के सामने बिजली की रोशनी में बैठकर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेलना पांच लोगों को भारी पड़ गया। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर पांच जुआरियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 26,500 रुपए नकद, ताश पत्ती, पांच मोबाइल और दो मोटर साइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 26 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 8 सितंबर को सूचना मिली थी कि ग्राम मुढ़पार नाला स्थित हनुमान मंदिर के सामने कुछ लोग बिजली की लाइट के नीचे बैठकर ताश पत्ती से जुआ खेल रहे हैं।पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 26,500 रुपए नकद और ताश पत्ती बरामद की।
इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 45 हजार रुपए तथा दो मोटरसाइकिल, जिनकी कीमत करीब 55 हजार रुपए आंकी गई है, जब्त की गईं। पुलिस ने कुल 1,26,500 रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने मामले में तोषण राम वर्मा (35) निवासी डूडेरा, देवानंद वर्मा (25) निवासी रेगाकठेरा, नरेन्द्र कुमार वर्मा (30) निवासी कोपेडीह, मुकेश सिन्हा (26) निवासी बधियाटोला और अरुण सिन्हा (45) निवासी बधियाटोला को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई।




