राजनांदगांव : नथेला डैम में भिलाई का 16 वर्षीय किशोर डूबा…
छुईखदान , छुईखदान थाना क्षेत्र के छिंदारी स्थित नथेला डैम में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। डैम घूमने पहुंचे 16 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। करीब दो माह के भीतर डैम क्षेत्र में डूबने की यह दूसरी घटना है।
लगातार हो रहे हादसों ने जहां क्षेत्रवासियों को चिंता में डाल दिया है, वहीं अब नथेला डैम को व्यवस्थित रूप से पर्यटन स्थल का दर्जा देकर विकसित करने तथा यहां स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। जानकारी के अनुसार मृतक आर्यन सिंह जामुल थाना जामुल भिलाई का रहने वाला था।
अपने चार दोस्तों के साथ नथेला डैम घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला।
दो माह में दूसरा हादसा, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: दो माह पहले भी छिंदारी बांध घूमने गए छुईखदान निवासी एक नाबालिग युवक की डूबने से मौत हो गई थी। लगातार दूसरी घटना ने डैम क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नथेला डैम प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है और यहां बड़ी संख्या में युवा व पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में इसे केवल एक सामान्य जलाशय के रूप में छोड़ने के बजाय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।




