राजनांदगांव : तीज पर बहनें मांगेंगी भाई से सोलर का उपहार, घर-घर अभियान…
राजनांदगांव , इस बार तीज पर बहनों की मांग सिर्फ शृंगार या उपहार तक सीमित नहीं रहेगी। गांवों की सूर्य सखी दीदियां अपने भाइयों को घर की छत पर सोलर यूनिट लगाने के लिए प्रेरित करेंगी। इसके लिए महिलाएं पहले ही 80 गांवों में सूर्य सभा के जरिए ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा के फायदा बता चुकी हैं। अब तीज के अवसर पर इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी है।
खास बात यह है कि सोलर यूनिट लगाने वाली महिलाएं केवल जागरूकता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इंस्टॉलेशन और मेंटनेंस की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। महिलाओं का यह अभियान एक साथ तीन बदलाव की दिशा में बढ़ रहा है बिजली खर्च में राहत, पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं के लिए रोजगार व आत्मनिर्भरता, सूर्य सखी दीदियां ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन, जरूरी दस्तावेज और बैंक फाइनेंस की प्रक्रिया समझा रही हैं। उनका प्रयास है कि ग्रामीण परिवारों को अच्छी गुणवत्ता की सोलर यूनिट उचित कीमत पर मिल सके, स्थापना के बाद सर्विस के लिए भटकना न पड़े।
तीज पर रिश्ते में जुड़ेगा स्वच्छ ऊर्जा का संदेश: तीज महिलाओं के लिए आस्था, परंपरा और मायके से जुड़े रिश्तों का पर्व है। इसी भाव को सौर ऊर्जा अभियान से जोड़ते हुए सूर्य सखी दीदियां भाइयों से इस बार ऐसा उपहार देने की अपील करेंगी, जिसका फायदा पूरे परिवार को लंबे समय तक मिले। घर की छत पर सोलर यूनिट लगाना बिजली की जरूरत पूरी करने के साथ परिवार को स्वच्छ ऊर्जा की ओर ले जाने वाला कदम है।
वेंडर के बजाय महिलाएं बन रहीं सोलर की साथी अभियान प्रमुख शिव कुमार देवांगन के अनुसार, समूह की महिलाओं को सोलर यूनिट की मशीनरी, उपकरण और सामग्री के साथ इसकी कार्यप्रणाली की ट्रेनिंग दी गई है। प्रशिक्षण में यूनिट से होने वाले बिजली उत्पादन, बिजली की खपत की जानकारी, योजना में आवेदन और बैंक से ऋण लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया समझाई गई। स्थापना के बाद मेंटेनेंस सर्विस का प्रशिक्षण भी दिया गया है। महिलाएं समूह के माध्यम से ग्रामीणों को किसी बाहरी वेंडर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


