युवक पर चाकू से हमला कर फरार आरोपी अजय रक्सेल कांकेर से गिरफ्तार ...
रायपुर । राजधानी रायपुर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने कांकेर से गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी अजय रक्सेल को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू और पीड़ित का दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
गाड़ी में बैठाकर ले गया, फिर साथियों के साथ किया हमला
पुलिस के मुताबिक, शुभम श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त 2026 की रात अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास स्थित एक गली में ले गया था। वहां उसने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया।
शिकायत के अनुसार, आपसी रंजिश को लेकर बातचीत के दौरान अजय रक्सेल ने शुभम से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद तीनों ने शुभम के साथ मारपीट की। इसी दौरान हत्या की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया गया।
चाकू के हमले में शुभम के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कांकेर में छिपा था मुख्य आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने पीड़ित से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और लगातार दबिश दी। मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी विश्लेषण के जरिए भी आरोपियों की तलाश की गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर जिले में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल कांकेर रवाना हुई और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शुभम का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद किया है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय रक्सेल का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। वह 2022 में तेलीबांधा थाना और 2023 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय रक्सेल (24), पिता राज रक्सेल, निवासी नवभारत प्रेस, रजबंधा मैदान के पास, मरही माता मंदिर क्षेत्र, थाना मौदहापारा, रायपुर के रूप में हुई है।
मामले में शामिल हर्ष कोसले समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी संभावित लोकेशन का पता लगाने के साथ गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
