kadwaghut logo final
राजनांदगांव , खरीफ सीजन में किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। जिले में 24 नए धान खरीदी केंद्र खोलने की तैयारी है। नई समितियां बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को नजदीक में ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे खरीदी केंद्रों पर पहुंचने में लगने वाला समय, परिवहन खर्च कम होगा। भीड़ से राहत मिलेगी। राजनांदगांव सहित एमएमसी और केसीजी जिले में भी नए धान खरीदी केन्द्र खुलेंगे। किसानों को यहां समर्थन मूल्य पर धान बचने में आसानी होगी।
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन किसानों को होगा, जिन्हें मौजूदा खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाने कई किमी का सफर करना पड़ता है।गांव के आसपास खरीदी केंद्र खुलने से ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य साधनों से धान परिवहन का खर्च घटेगा। साथ ही खरीदी सीजन में पुराने केंद्रों पर बनने वाली कतार और दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इससे खरीदी केन्द्रों के कर्मचारियों पर खरीदी और काम का बोझ कम होगा। जिले में दूर-दराज के कुल 24 गांवों का चयन कर खरीदी केन्द्र खोले जाएंगे। इससे किसानों को बड़ी राहत होगी।
अंचल के दूर-दराज इन गांवों में केन्द्र खुलेंगे जिले में धर्मापुर, आरला, बुद्धुभरदा, बनहरदी, बोइरडीह, केसाल, बूचाटोला, मुढ़िया, कसारी, खुडमड़ी, घुपसाल, भानपुरी, कनेरी, झंडातालाव, मचानपार, हरदी, बम्हनीभांठा, मोहड़, आसरा, पीपरखार कला, पिपरिया, कुर्रूभांठा, मासूल, चंवरढाल, नवागांव में खरीदी केन्द्र खुलेंगे। इसके अलावा एमएमसी जिले में 16 और केसीजी जिले में 21 खरीदी केन्द्र खोलने की तैयारी है।
