देश

कोरोना की दस्तक: 33 वर्षीय युवक की COVID रिपोर्ट पॉजिटिव

By kadwaghut|16 Jul 2026, 6:21 PM
f X W

कोरोना की दस्तक: 33 वर्षीय युवक की COVID-19 रिपोर्ट पॉजिटिव

विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में कोरोना वायरस (COVID-19) का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। 33 वर्षीय एक युवक की निजी लैब और किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) में हुई जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। फिलहाल मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, संक्रमित युवक हाल ही में हैदराबाद से विशाखापत्तनम लौटा था। घर पहुंचने के कुछ दिनों बाद उसे सर्दी, खांसी, बुखार और शरीर में दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद उसने एक निजी लैब और सरकारी अस्पताल में जांच कराई, जहां उसकी रिपोर्ट COVID-19 पॉजिटिव आई।

बताया जा रहा है कि युवक कलेक्टर कार्यालय के पास स्थित एक सरकारी कॉलोनी का निवासी है। स्वास्थ्य विभाग ने उसे घर में ही आइसोलेट रहने की सलाह दी है। साथ ही उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि संक्रमण के संभावित फैलाव को रोका जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत की खबर सामने आने के बाद राज्य सरकार पहले से ही सतर्क थी। अब विशाखापत्तनम में पहला मामला मिलने के बाद निगरानी और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को और तेज कर दिया गया है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर जांच कराएं। साथ ही नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई बनाए रखने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर आवश्यकता पड़ने पर मास्क पहनने की सलाह दी गई है।

Read Also: Rajnandgaon: नर्स से बदसलूकी का आरोप: कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश, डॉक्टर बैद के खिलाफ टीम करेगी पड़ताल

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button