CG : छत्तीसगढ़ में पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आगाज, 6 टीमें दिखाएंगी दमखम…
रायपुर । छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी, जिसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
लीग के मुकाबले संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया।
छह टीमें मैदान में उतरेंगी
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
सभी टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और इसके बाद फाइनल मुकाबले से चैंपियन का फैसला होगा। सभी मैचों में हॉकी इंडिया की ओर से नियुक्त अंपायर और तकनीकी अधिकारी मौजूद रहेंगे।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। लीग के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी माहौल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ बनी टैगलाइन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली में यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का संदेश देती है।
लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के साथ आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की प्रगति और आगे बढ़ने की भावना को दर्शाती है।
‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर
लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। इसे छत्तीसगढ़ के जंगलों, वन्यजीव विरासत, साहस और शक्ति का प्रतीक बनाया गया है। शुभंकर खिलाड़ियों के जुझारूपन और मैदान पर दबदबा कायम करने की भावना को दर्शाता है।
मैचों के साथ मनोरंजन का भी तड़का
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
आयोजकों को उम्मीद है कि लीग के जरिए बड़ी संख्या में युवा और खेलप्रेमी स्टेडियम पहुंचेंगे। इससे प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।
