kadwaghut logo final
राजनांदगांव , नगर निगम की समीक्षा बैठक में महापौर मधुसूदन यादव ने शहर के विकास एवं बुनियादी सुविधाओं को लेकर तकनीकी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। बैठक में निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ-साथ जारी बारिश, आगामी त्योहारों और गणेश उत्सव को देखते हुए सड़कों पर पेचवर्क करने और बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
महापौर यादव ने विभिन्न योजनाओं के तहत जारी निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर रुके हुए कार्य शुरू कराने, जारी कार्यों में तेजी लाकर उन्हें तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। स्टेशन रोड व बीएसएनएल ऑफिस के पास प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए कार्यादेश जारी कर, स्थल निरीक्षण के साथ ले-आउट देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा निगम कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार और व्यवसायिक परिसर निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, यूके रामटेके, प्रणय मेश्राम सहित अन्य सहायक व उप-अभियंता उपस्थित थे।
जलभराव वाले हिस्सों में निकासी की व्यवस्था हो: महापौर ने अफसरों को जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही गणेश पर्व और त्योहारों के दौरान सुगम आवागमन के लिए सड़कों पर तत्काल पेचवर्क और मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बंद स्ट्रीट लाइटों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और बारिश-त्योहारों के दौरान विद्युत मरम्मत सामग्री रखें।
