kadwaghut logo final
राजनांदगांव , जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बड़े काम होंगे। बजरंगपुर-नवागांव में जल्द ही 400 मीटर लंबा 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। वहीं जिलेभर में 2000 पीपल के पौधे रोपे जाएंगे। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में इन कार्यों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए प्रकाश, पेयजल समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ वेटलिफ्टिंग और अन्य खेलों की सामग्री खरीदने के लिए प्राक्कलन तैयार करने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव ने वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, इसलिए खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। बजरंगपुर-नवागांव में बनने वाला सिंथेटिक ट्रैक एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों की अधोसंरचना मजबूत करने के निर्देश दिए।
पौधों की सुरक्षा और देखरेख की व्यवस्था पर भी फोकस जिले में 2000 पीपल के पौधों का रोपण किया जाएगा। कलेक्टर ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने कहा। पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और देखरेख की व्यवस्था पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के तहत अच्छा काम हुआ है। अब रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाए।
बैठक में सभी एसडीएम को गिरदावरी की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। पटवारी और सर्वेयर को गिरदावरी का काम प्राथमिकता से पूरा करने कहा गया। स्वामित्व कार्ड, बटांकन, नक्शा, सीमांकन समेत राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण की प्रगति अब तक 73 प्रतिशत है। कलेक्टर ने जागरूकता बढ़ाकर टीकाकरण की गति तेज करने कहा। पोषण ट्रैकर में बच्चों के आधार सत्यापन, आयुष्मान वय वंदन कार्ड, अपार आईडी, पीएम आवास योजना और पीएम स्व निधि योजना समेत विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जरूरी निर्देश दिए।
