राजनांदगांव , जिले के ग्राम खैरझिटी स्थित हायर सेकंडरी स्कूल में नव निर्मित कक्षाओं के आधिपत्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ठेकेदार एवं आवेदक जेआर देवांगन ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है। शिकायत पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत ग्राम खैरझिटी में 32.30 लाख रुपए की लागत से चार अतिरिक्त स्कूल कक्षों का निर्माण पूर्ण कराया गया है। पूर्व ठेकेदार द्वारा 5 अगस्त 2025 को निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था।
आवेदन में बताया गया है कि वर्तमान सरपंच के मना करने का हवाला देते हुए प्राचार्य द्वारा नव निर्मित भवन का आधिपत्य नहीं लिया जा रहा है। प्राचार्य का कहना है कि नए कक्षों में सीपेज (पानी का रिसाव) आ रहा है। इस कारण नए भवन का उपयोग नहीं हो पा रहा है। भवन बंद रहने की वजह से बारिश के दिनों में विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था चरमरा गई है और शिक्षकों को अध्यापन कार्य कराने में भी भारी असुविधा हो रही है। ठेकेदार का कहना है कि अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग राजनांदगांव ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि भवन का निर्माण पूरा हो चुका है और इसमें कोई सीपेज नहीं है।
नियमों के अनुसार, ठेकेदार की परफॉरमेंस गारंटी राशि 3 वर्षों तक विभाग के पास जमा रहती है और यदि बारिश में कोई सीपेज आता भी है तो उसे ठीक कराने की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है। विभाग द्वारा प्राचार्य को ‘भवन पूर्णता प्रमाण पत्र’ प्रेषित किए जाने के बावजूद, प्राचार्य द्वारा भवन का प्रभार लेने से इंकार किया जा रहा है। आवेदक ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य के इस हठधर्मितापूर्ण रवैये के कारण ठेकेदार का अंतिम भुगतान अटका हुआ है, वहीं दूसरी ओर स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक परेशान और हताश हैं।
