राजनांदगांव , नगर निगम के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में विपक्षी कांग्रेस के नेताओं को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने भाजपा और महापौर मधुसूदन यादव पर लोकतांत्रिक परंपरा की अनदेखी और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे निंदनीय बताया है।
पिल्ले ने कहा कि नगर निगम का सार्वजनिक कार्यक्रम किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं होता बल्कि पूरे शहर और नगर निगम का कार्यक्रम होता है। ऐसे कार्यक्रमों में विपक्ष को भी सम्मान और प्रोटोकॉल के अनुसार स्थान मिलना चाहिए। लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा को बिगाड़ने का काम वर्तमान सत्ता पक्ष द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब नगर विकास या सार्वजनिक कार्यक्रम में विपक्ष कांग्रेस के नेताओं की उपेक्षा की गई हो। इससे पहले भी दिग्विजय कॉलेज से जुड़े कार्यक्रम में विपक्ष के कांग्रेस नेताओं का तिरस्कार किया जा चुका है। आमंत्रण पत्र में भी तय प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया है। आयोजन से विपक्ष को दूर रखा गया है। यह परंपरा के विपरीत है।
