राजनांदगांव : संगठन की भावी कार्ययोजना पर चर्चा हुई, पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र बांटे…
राजनांदगांव , विश्व मानवाधिकार परिषद छत्तीसगढ़ इकाई की ओर से सुपेला स्थित एक होटल में परिषद के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एमआर अंसारी, राष्ट्रीय प्रभारी (लीगल सेल) एडवोकेट पायल पोपटानी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी सैयद लईक के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
इस अवसर पर संगठन की आगामी कार्ययोजना, मानवाधिकार संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, जनजागरूकता और जनसेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। डॉ. एम.आर. अंसारी ने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा केवल कानूनी नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और अधिकार पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने पदाधिकारियों से सेवा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों को प्रमाण-पत्र एवं अधिकृत पहचान-पत्र वितरित किए गए।
साथ ही मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का संकल्प दिलाया गया। संगठन ने वर्ष 2026 में रक्तदान शिविर, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण, गर्मी में पेयजल एवं शरबत वितरण सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में राजनांदगांव से जिला अध्यक्ष शकुन क्षत्रिय, नगर उपाध्यक्ष शालिक राम साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। समारोह के अंत में प्रदेश मीडिया प्रभारी सरोज सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
