14 अप्रैल को हुआ था हादसा, रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
राजनांदगांव/छुरिया। भरकाटोला के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125(1) एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, देवाराम कंवर (31 वर्ष) निवासी ग्राम पिपरिया, थाना डोंगरगढ़, 14 अप्रैल 2026 को अपने ससुराल ग्राम महाराजपुर से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे भरकाटोला स्थित खालसा ढाबा के सामने पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PW 4152 के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में देवाराम कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज पेंड्री, राजनांदगांव ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी एवं गवाहों के बयान, अस्पताल से प्राप्त दस्तावेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना के लिए संबंधित मोटरसाइकिल चालक की भूमिका पाए जाने पर उसके विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
