राजनांदगांव : बिटाल में हाई वोल्टेज से घरों के टीवी फ्रीज, पंखे व बल्ब सब खराब हो गए…
डोंगरगांव , ग्राम बिटाल में बुधवार को शाम करीब 6 बजे अचानक िबजली प्रवाह का वोल्टेज बढ़ने से ग्राम के कई घरों के घरेलू बिजली उपकरण खराब होने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार हाई वोल्टेज के कारण टीवी, फ्रीज, पंखे और बल्ब सहित अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचा। कुछ घरों में टीवी से धुआं निकलने की भी बात ग्रामीणों ने बताई है।
ग्रामीण प्रशांत वैष्णव ने बताया कि शाम करीब 6 बजे अचानक घरों में बिजली का वोल्टेज हाई हो गया। इसके चलते घरेलू सामान खराब हो गया। बताया कि उनके घर के टीवी से धुआं निकलने लगा। वहीं ग्रामीण गौरव कुमार ने बताया कि वोल्टेज अचानक बढ़ने के बाद फ्रीज बंद हो गया और वह खराब हो गया। सरपंच प्रतिनिधि गेंदलाल साहू ने बताया कि जैसे ही उन्हें शाम करीब 6 बजे गांव में हाई वोल्टेज की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल मुनादी करवाकर ग्रामीणों से बिजली के उपकरण चालू नहीं करने की अपील की। इसके साथ ही बिजली कंपनी को फोन कर गांव में वोल्टेज बढ़ने की जानकारी देते हुए तत्काल बिजली बंद करने को कहा गया।
सूचना पर बंद की बिजली रातभर चालू नहीं हो पाई बताया गया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद बिजली बंद की गई, जिसके बाद रातभर गांव में बिजली बंद रही। ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही ग्रामीणों ने बिजली कंपनी से घटना की जांच कराने, हाई वोल्टेज की वजह का पता लगाने तथा खराब हुए विद्युत उपकरणों और नुकसान का आकलन कराने की मांग की है।




