राजनांदगांव l वार्ड क्रमांक 29 कैलाश नगर के टांकापारा स्थित प्राथमिक व माध्यमिक शाला की बदहाल स्थिति को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि अमीन हुड्डा भी मौजूद रहे। निरीक्षण में सामने आया कि स्कूल के प्रवेश मार्ग और परिसर में जलभराव व कीचड़ होने से विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है।
विद्यालय में तीन वाटर कूलर लगाए गए हैं, लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं होने से वे अनुपयोगी पड़े हैं और बच्चों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जर्जर भवन की छत से बारिश का पानी टपकने से कक्षाओं का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि विद्यालय परिसर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने और आसपास अव्यवस्थित निर्माण के कारण हर बारिश में पूरा परिसर दलदल में बदल जाता है।
आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की। कहा कि केवल वाटर कूलर उपलब्ध करा देना पर्याप्त नहीं है, जब तक पानी की टंकी और जलापूर्ति की व्यवस्था न हो।
सुविधाओं का अभाव: बताया कि कई कमरों की छत टपक रही है और अधिकांश कमरों का उपयोग पढ़ाई के बजाय कबाड़ रखने के लिए किया जा रहा है। कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिले के प्रभारी मंत्री स्वयं शिक्षा मंत्री हैं, वहीं सरकारी विद्यालयों की ऐसी स्थिति है। बताया कि कभी लगभग 400 विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय में अब मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण विद्यार्थियों की संख्या घटकर करीब 40 रह गई है।
