छत्तीसगढ़बेमेतरा जिला

CG : सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की शिक्षा को मिल रही नई रफ्तार : विधायक दीपेश साहू …

By kadwaghut|28 Jul 2026, 11:36 AM
f X W

बेमेतरा ।बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बेमेतरा में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की। विशेष अतिथि के रूप में युगल देवांगन एवं पार्षद पंचू साहू उपस्थित रहे। वहीं श्रीमती प्रेमलता की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बनाया। इस अवसर पर कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 253 पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिल वितरित की गई।

Advertisement
Advertisement

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना प्रदेश सरकार की ऐसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें विद्यालय तक सुगमता से पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली अनेक छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में साइकिल उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने तथा बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षित बेटी ही परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती है। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

READ ALSO  राजनांदगांव : पुलिस विभाग में फेरबदल किया गया ...

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी सरस्वती साइकिल योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास और उत्साह भी बढ़ता है। साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की प्राचार्य श्रीमती कविता बाजपेयी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रमोद ठाकुर ने किया, जबकि अंत में श्रीमती आराधना जोसेफ ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और छात्राओं ने शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins